कशिश काव्य मंच द्वारा महिला उत्सव का भव्य आयोजन, कवयित्रियों ने बिखेरा काव्य रस

दिल्ली। प्रतिष्ठित संस्था कशिश काव्य मंच द्वारा 26 अक्तूबर 2025, रविवार को शर्मा न्यू आर्ट्स कॉलेज, शक्ति नगर, दिल्ली के सभागार में एक भव्य महिला उत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन साहित्य, कला और नारी शक्ति का सुंदर संगम बना।कार्यक्रम का संचालन मंच की संस्थापिका एवं अध्यक्षा कंचन वार्ष्णेय ‘कशिश’ ने किया, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता पवन मल्होत्रा कार्यक्रम के संयोजक रहे। संपूर्ण व्यवस्था की देखरेख कॉलेज के प्राचार्य विवेकानंद शर्मा और वरिष्ठ कवयित्री रजनी बाला ने की। मीडिया प्रभारी संजय कुमार गिरि की सक्रिय भूमिका भी कार्यक्रम की सफलता में सराहनीय रही। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आईं प्रसिद्ध कवयित्रियों ने अपनी सुमधुर कविताओं और गीतों से ऐसा वातावरण निर्मित किया कि सभागार तालियों से गूंज उठा।इस अवसर को और भी विशेष बना दिया कंचन वार्ष्णेय ‘कशिश’ और रजनी बाला के जन्मदिन ने। सभी उपस्थित नारी शक्ति ने केक काटकर दोनों को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उत्सव को उल्लासपूर्ण बना दिया।आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों को सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि के प्रतीक स्फटिक काँच के कछुए भेंट किए गए। साथ ही स्वादिष्ट नाश्ता और अंत में लजीज भोजन ने सबका मन मोह लिया।
अंततः कशिश काव्य मंच की यह एक और सफल, यादगार और प्रेरणादायी काव्य गोष्ठी रही, जिसने साहित्य जगत में अपनी गहरी छाप छोड़ी।




