ओल्ड एज होम’ नाटक देख नम हुई सबकी आँखें, सीमावत्या विद्यालय में गणतंत्र दिवस की धूम

रमन पारीक। नजर इंडिया 24
कोटपूतली-बहरोड़ जिले की पावटा तहसील स्थित ग्राम कारोली की राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सीमावत्या में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत के सरपंच श्रवण सिंह शेखावत ने की, जबकि समाजसेवी विनोद सिंह शेखावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं समसामयिक लोकप्रिय गीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे संपूर्ण परिसर देशप्रेम की भावना से सराबोर हो गया। बच्चों द्वारा किया गया योग प्रदर्शन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथि ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण का भाव भरते हुए उन्हें प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया ‘ओल्ड एज ओल्ड होम’ विषयक नाटक इतना मार्मिक रहा कि उपस्थित सभी अतिथियों की आँखें नम हो गईं। नाटक के माध्यम से बच्चों ने सामाजिक संवेदनाओं का प्रभावशाली संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ करने हेतु विद्यालय परिवार ,टीबा क्षेत्र की ओर से , सुभाष सैनी और विजयपाल टीम द्वारा एक-एक कम्प्यूटर, गिर्राज सैनी द्वारा एक लैपटॉप तथा मानपाल सिंह एवं समय सिंह जी द्वारा तीन पंखे भेंट किए गए। वहीं ग्रामवासियों द्वारा बच्चों के लिए केले, लड्डू एवं बूंदी का वितरण कर कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया गया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच रामकरण गुर्जर ,कृपाल सिंह, हरीश सैनी, रामकिशन सैनी, मुकेश नागौरी, संदीप यादव, सदा कंवर, सुशीला कंवर, मनीषा सेन, देशराज सिंह, रामावतार शर्मा, विक्रम शर्मा, सुमेर शर्मा, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। समापन सन्देश संस्थाप्रधान किशोर कुमार वर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया।




