हरियाणा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई

समालखा | लोकेश झा
समालखा। भापरा रोड स्थित हरियाणा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, समालखा में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह हर्षोल्लास एवं भावुक वातावरण के बीच आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन 11वीं कक्षा की छात्रा खुशी ने कुशलतापूर्वक किया।
11वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स का तिलक लगाकर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल की छात्राओं काजल, नेहली और पूजा ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
विद्यालय के प्राचार्य धीरज शास्त्री ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों का महत्व समझाते हुए जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और अच्छे संस्कार ही व्यक्ति की सच्ची पहचान बनाते हैं। साथ ही विद्यार्थियों को नशे एवं अन्य बुराइयों से दूर रहने का संदेश भी दिया।
स्कूल प्रबंधक रविंद्र वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को सच्चा, ईमानदार और मेहनती नागरिक बनने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर 12वीं कक्षा की छात्रा कविता को ‘मिस हरियाणा’, रिया को ‘मिस फेयरवेल’ तथा वैष्णवी को ‘मिस साइलेंट’ के खिताब से सम्मानित किया गया। वहीं मनीष को ‘मिस्टर हरियाणा’, मनजीत को ‘मिस्टर फेयरवेल’ और साहिल को ‘मिस्टर साइलेंट’ का टाइटल प्रदान किया गया।
समारोह के अंत में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भावुक पल में कई विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम में बीना, पूजा, सुरेंद्र, अजय, मोनू सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ किया गया।




