समालखा विधानसभा में 16 फरवरी को होगा खेल महाकुंभ।

समालखा | लोकेश झा
समालखा । हल्का समालखा में विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना के मार्गदर्शन में 16 फरवरी को बिहोली रोड स्थित भापरा स्टेडियम में खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने सन्नवर खान के साथ जानकारी देते हुए बताया कि खेल उत्सव के तहत नेशनल स्टाइल कबड्डी (लड़के व लड़कियां), हरियाणा स्टाइल कबड्डी (लड़के), दौड़ प्रतियोगिता (लड़के व लड़कियां), 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 400 मीटर रेस तथा नेशनल स्टाइल कबड्डी लड़कियों का एक शो मैच आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में मिर्जा मुल्तानी वेलफेयर सोसाइटी का सहयोग रहेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समालखा विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना शिरकत करेंगे। विधायक पहले भी ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते रहे हैं और खिलाड़ियों के सम्मान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। हर गली-मोहल्ले से प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे आएं, इसी उद्देश्य से इस खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है।
पुरस्कार राशि के संबंध में आयोजकों ने बताया कि नेशनल व हरियाणा स्टाइल कबड्डी में प्रथम पुरस्कार 7100 रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 5100 रुपये रहेगा। रस्सा-कस्सी में प्रथम 2100 रुपये व द्वितीय 1100 रुपये दिए जाएंगे। दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम 3100 रुपये, द्वितीय 2100 रुपये और तृतीय 1100 रुपये का पुरस्कार निर्धारित किया गया है।
आयोजकों ने सभी खेल प्रेमियों से 16 फरवरी को प्रातः 8 बजे भापरा स्टेडियम में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।




