पक्षियों के लिए लगाए गए दाना-पानी के परिंडे, समाज को दिया जागरूकता का संदेश
जयपुर। अग्रवाल परिवार (जयपुर) सोशल ग्रुप रजि. द्वारा निवारू रोड, झोटवाड़ा क्षेत्र में पक्षियों के लिए दाना-पानी के परिंडे लगाए गए। साथ ही इन परिंडों की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी संस्था के सदस्यों ने अपने स्तर पर ली। इस अवसर पर अग्रवाल परिवार के सदस्यों ने पोस्टर के माध्यम से आमजन से अपील की कि आगामी भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घर में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था अवश्य की जाए। “हर घर एक परिंडा” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं जीवों के प्रति संवेदनशीलता का भाव जागृत किया गया।
कार्यक्रम में कृष्णावतार अग्रवाल (सिंगोद खुर्द वाले), श्रीकांत गोयल, लक्ष्मण अग्रवाल, विकास गुप्ता, नमीता अग्रवाल, कुसुम अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संस्था के इस सराहनीय प्रयास से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं पक्षियों के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।



