आए दिन हो रहे हादसे, सामाजिक कार्यकर्ता आनंद शर्मा ने प्रशासन से लगाई गुहार
अरुण शर्मा। नजर इंडिया 24, जिला ब्यूरो चीफ
खंदौली। यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बना डिवाइडर वाहन चालकों और राहगीरों के लिए लगातार खतरा बनता जा रहा है। यहां पर्याप्त रोशनी, संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा बैरियर न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। गुरुवार रात करीब 11 बजे एक ऑल्टो कार सादाबाद की ओर से आगरा जा रही थी, जो अचानक डिवाइडर पर चढ़ गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार क्षतिग्रस्त हो गई। इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता आनंद शर्मा ने प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया है। आनंद शर्मा ने बताया कि इस स्थान पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, विशेषकर यू-टर्न लेने वाले वाहन चालक अंधेरे और उचित संकेतकों की कमी के कारण हादसों का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
आनंद शर्मा ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रशासन एवं टोल प्लाजा प्रबंधन से मांग की है कि यहां शीघ्र हाईमास्ट लाइट, रिफ्लेक्टर, संकेतक बोर्ड और सुरक्षा बैरियर लगाए जाएं ताकि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। क्षेत्रीय नागरिकों ने भी आनंद शर्मा की इस पहल की सराहना करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।




