जयपुर से उठी महिलाओं की हुंकार, PM मोदी को भेजे हजारों पोस्टकार्ड…
नारी शक्ति वंदन अधिनियम तुरंत लागू करने और OBC महिलाओं को आरक्षण देने की मांग तेज

जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा में शुक्रवार को महिला शक्ति का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को लोकसभा की 543 सीटों और देशभर की विधानसभाओं में “आज और अभी” लागू करने की मांग को लेकर महिलाओं ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया। इस दौरान देश के प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भेजकर महिलाओं ने साफ संदेश दिया कि अब आधी आबादी अपने राजनीतिक अधिकारों के लिए इंतजार नहीं करेगी।
कार्यक्रम का आयोजन जयपुर शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजूलता मीना और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मंजू शर्मा के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को राजनीतिक ऊर्जा से भर दिया। महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाए बिना देश में वास्तविक लोकतंत्र और सामाजिक न्याय संभव नहीं है।
सभा में वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने के बावजूद इसे लागू करने में देरी महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है। महिलाओं ने मांग रखी कि महिला आरक्षण में ओबीसी वर्ग की महिलाओं को भी अलग से प्रतिनिधित्व दिया जाए, ताकि हर वर्ग की महिलाओं को राजनीति में बराबर भागीदारी मिल सके।
कार्यक्रम में विद्याधर नगर महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संतोष शर्मा, झोटवाड़ा महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल, प्रदेश महासचिव महिला कांग्रेस तस्लीम बेगम और जयपुर शहर महिला कांग्रेस महासचिव रूबी खान सुमन चौधरी, जानकी प्रजापत, मंजू बुटोलिया पूनम दीक्षित, रेखा शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
महिलाओं ने हाथों में पोस्टकार्ड और तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की। “नारी शक्ति का सम्मान, अब नहीं होगा इंतजार”, “महिलाओं को अधिकार दो, राजनीति में हिस्सेदारी दो” और “OBC महिलाओं को भी आरक्षण दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने कहा कि यह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के सम्मान और राजनीतिक अधिकारों की लड़ाई है, जो अब गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाई जाएगी।




