गंदे और बदबूदार पानी से त्रस्त क्षेत्रवासियों ने जलदाय विभाग का घेराव कर सौंपा ज्ञापन

जयपुर 7 मई। नंदगांव कॉलोनी, लक्ष्मी नगर सेकंड, लक्ष्मी नगर एवं काली कोठी निवारू रोड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गंदे और बदबूदार पेयजल की आपूर्ति से परेशान क्षेत्रवासियों ने बुधवार को जलदाय एवं स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग, झोटवाड़ा, जयपुर के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के त्वरित समाधान की मांग की। ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने बताया कि संबंधित क्षेत्रों में सप्लाई हो रहा पेयजल दूषित एवं अत्यंत बदबूदार है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूषित पानी के कारण क्षेत्र में बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों ने विभाग से मांग की कि पेयजल की गुणवत्ता की तत्काल जांच कर स्थायी समाधान किया जाए तथा स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस दौरान अधिवक्ता दीपक शर्मा, संजय नगर विकास समिति के अध्यक्ष हाकिम सिंह राजावत, काली कोठी से छोटू खां, नंदगांव कॉलोनी से बलवंत सिंह, काना राम योगी एवं सज्जन कुमार सोनी सहित अनेक क्षेत्रवासी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।7




