Uncategorized

गुरु-शिष्य परंपरा को समर्पित होगा अंतरराष्ट्रीय संगीत कलाकार सम्मान समारोह

आलोक अवस्थी। नजर इंडिया 24, ब्यूरो चीफ

जयपुर।कला एवं संगीत के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मान देने की दिशा में एक विशेष पहल होने जा रही है। आगामी 6 दिसंबर 2026 को शौर्य दिवस के अवसर पर जयपुर के शास्त्री नगर स्थित साइंस पार्क ऑडिटोरियम में दोपहर 2 बजे से ‘अंतरराष्ट्रीय सृजनशील संगीत कलाकार सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मीरा चैरिटेबल ट्रस्ट, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में ग्रैमी पुरस्कार विजेता एवं पद्मभूषण से अलंकृत प्रख्यात संगीतज्ञ पंडित विश्वमोहन भट्ट 112 चयनित गुणी कलाकारों, युवा कला साधकों, कला मर्मज्ञों एवं कला समीक्षकों को सम्मानित करेंगे। समारोह की विशेषता यह रहेगी कि सभी चयनित प्रतिभाओं को उनके गुरुजनों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्मान प्रदान किया जाएगा।आयोजकों के अनुसार, इससे पूर्व हिंदी दिवस के अवसर पर देश-प्रदेश के 125 वरिष्ठ कलाकारों का सम्मान किया जा चुका है। अब 112 अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित कर कुल 237 कलाकारों को सम्मानित करने का कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य कला के क्षेत्र में ‘कला समरसता सेतु’ का निर्माण करना और विभिन्न विधाओं के कलाकारों को एक मंच पर जोड़ना है। इस आयोजन के सूत्रधार राष्ट्रपति सम्मान से अलंकृत आचार्य सत्यनारायण पाटोदिया हैं। उन्होंने स्वर्गीय डॉ. मीरा पाटोदिया की कला के प्रति दूरदर्शी सोच को आगे बढ़ाते हुए इस अभिनव पहल को साकार किया है। हाल ही में आचार्य पाटोदिया ने पंडित विश्वमोहन भट्ट से मुलाकात कर चयनित 112 कलाकारों की सूची सौंपी। इस अवसर पर पंडित भट्ट ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी कलाकारों के लिए विशेष वीडियो संदेश के माध्यम से अपना आशीर्वाद भी प्रेषित किया। समारोह में प्रत्येक चयनित कलाकार को उसकी विशिष्ट कला साधना के अनुरूप अलग-अलग उपाधि प्रदान की जाएगी। साथ ही सुनहरे फ्रेम में सुसज्जित प्रशस्ति-पत्र भेंट किए जाएंगे। आयोजन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। ग्वालियर घराने की सुप्रसिद्ध गायिका प्रोफेसर डॉ. सुमन यादव को उनके 11 शिष्यों के सम्मानित होने पर विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। आचार्य सत्यनारायण पाटोदिया का मानना है कि जिस प्रकार कला के विकास और संवर्धन के लिए योग्य गुरु का मार्गदर्शन आवश्यक है, उसी प्रकार कला साधकों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के लिए ऐसे सम्मान समारोह भी महत्वपूर्ण हैं। इसी उद्देश्य से इस सम्मान समारोह की दूसरी श्रृंखला भी शीघ्र आयोजित करने की योजना है। आयोजकों ने सभी चयनित संगीत साधकों, कलाकारों एवं उनके गुरुजनों से 6 दिसंबर को दोपहर 2 बजे साइंस पार्क ऑडिटोरियम पहुंचकर इस संगीत समारोह का हिस्सा बनने की अपील की है।

डॉ अनिल वर्मा
MS FRCSEd
Eye and retina specialist
Anupam Eye Hospital
C 30, Pankaj Singhvi Marg,
Vidhansabha Road, Lal kothi, Jaipur
Contact *9829212600*

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!