Uncategorized

लेख: प्रेम और स्वाभिमान लेखक: राजेश कुमार ‘राज’

 

हृदय में प्रेम का घटित होना एक अद्वितीय और मधुरतम अनुभूति है। प्रायः ऑंखें प्रेम का रहस्योद्घाटन करती हैं। कवियों ने प्रेम के विभिन्न रूपों से साहित्य को समृद्ध किया है। कभी यह प्रेम दो आत्माओं के मध्य पनपता है तो कभी किसी को प्रकृति के विभिन्न रूपों जैसे चाॅंद, सूरज, हवा, पानी, पेड़-पौधे, फूल-पत्तियों आदि से प्रेम हो जाता है। प्रेम जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र विशेष के बंधनों से मुक्त होता है। किसे, कब, कहाॅं और किस से प्रेम हो जाए, इसका कोई प्रतिपादित सिद्धांत उपलब्ध नहीं है। प्रेम है कि बस हो जाता है। यदि मैं यहाॅं माता-पिता के सन्तान के प्रति प्रेम का उल्लेख न करूॅं तो यह मेरे चिंतन की एक त्रुटि ही होगी। लेकिन यह प्रेम पहले से ही सुनिश्चित और स्वाभाविक होता है। यह दो अनजान और विपरीत लिंगी लोगों के बीच के प्रेम से नितान्त अलग होता है।

प्रेम ईश्वर का उपहार है। प्रेम को वही समझ सकता है जिसके जीवन मे कभी प्रेम घटित हुआ हो। राधा, मीरा, रसखान और सूरदास ने कृष्ण से प्रेम किया और अमर हो गए। ऐसे ही सांसारिक प्रेम में पड़ लैला-मजनूॅं, सोहनी-महीवाल, सीरी-फरहाद, हीर-रांझा, सस्सी-पुन्नू आदि प्रेमी युगल आज तक हमारी स्मृतियों और साहित्य में जीवित हैं। इन सब प्रेमियों के जीवन का यदि हम अध्ययन करें तो हम एक तथ्य सामान्य तौर पर पाएंगे कि इनमें से किसी का भी स्वाभिमान या अभिमान इनके प्रेम के मध्य बाधा बन कर कभी उपस्थित नहीं हुआ। परस्पर सम्पूर्ण समर्पण ही इनके प्रेम का आधार था। आज हम छोटी-छोटी बातों को स्वाभिमान का नाम देकर अपने सम्बंधों से किनारा कर लेते हैं। स्वाभिमानी होना एक गुण है किन्तु व्यक्ति कब स्वाभिमान और अभिमान के बीच की महीन रेखा को पार कर लेता है, उसे पता ही नहीं चलता। प्रेम समर्पण मांगता है किन्तु स्वाभिमान समर्पण से रोकता है। प्रेम को जीवित रखना है तो स्वाभिमान को अनावश्यक रूप से प्रेम के बीच लाने से बचना चाहिए।            ***

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!