साहित्य और सेवा की मिसाल बनीं डॉ. अंजु क्वात्रा, देश-विदेश के साहित्यकारों की मौजूदगी में हुआ विशेषांक विमोचन

नई दिल्ली। सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं समाजसेविका डॉ. अंजु क्वात्रा के बहुआयामी व्यक्तित्व एवं कृतित्व को समर्पित बहुराष्ट्रीय साहित्यिक पत्रिका ‘प्रज्ञान विश्वम’ के विशेषांक का भव्य लोकार्पण राजधानी नई दिल्ली स्थित उनके निवास स्थान पर गरिमामय साहित्यिक वातावरण में संपन्न हुआ।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आकाशवाणी के पूर्व महानिदेशक आदरणीय लक्ष्मीशंकर वाजपेयी जी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा गौरव डॉ. सविता चड्ढा, प्रख्यात साहित्यकार श्रीमती ममताकिरण बाजपेयी, डॉ. अंजु क्वात्रा के जीवनसाथी श्रीमान विमल क्वात्रा जी तथा पत्रिका के प्रधान संपादक पंडित सुरेश नीरव जी के कर कमलों द्वारा विशेषांक का लोकार्पण किया गया। अखिल भारतीय सर्वभाषा संस्कृति समन्वय समिति के संस्थापक पंडित सुरेश नीरव जी के कुशल एवं प्रभावशाली मंच संचालन में उपस्थित सभी साहित्यकारों व गुणीजनों को सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में डॉ. अंजु क्वात्रा की निस्वार्थ सेवा साधना, मानवीय उदारता और साहित्यिक अवदान की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि साहित्य की वास्तविक सार्थकता समाज के सरोकारों से जुड़ने में है और डॉ. क्वात्रा का जीवन इसका जीवंत उदाहरण है। कार्यक्रम में राजस्थान के श्रीगंगानगर से वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार मानसिंह सुथार व उनकी सुपुत्री ज्योति, गुजरात से डॉ. राखी सिंह कटियार, महाराष्ट्र से श्री दीपक छाबड़ा एवं श्रीमती दमयंती दीपा, प्रवासी साहित्यकार डॉ. इंद्रजीत शर्मा, श्रीमती उमंग जॉली सरीन, श्रीमती वीणा अग्रवाल, श्रीमती मधु मिश्रा, श्रीमती शकुंतला मित्तल, श्रीमती इंदु राज निगम, श्री राजेंद्र राज निगम, श्री उमानाथ त्रिपाठी, श्रीमती ममता त्रिपाठी एवं श्री राजीव कुमार त्रिपाठी सहित देश विदेश से पधारे अनेक प्रबुद्ध रचनाकारों की गरिमामय उपस्थिति रही। अंत में डॉ. अंजु क्वात्रा ने इस आयोजन को अपने जीवन के अविस्मरणीय पलों में शामिल बताते हुए सभी अतिथियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। क्वात्रा परिवार के आत्मीय आतिथ्य सत्कार ने इस समारोह को एक यादगार साहित्यिक उत्सव बना दिया।




