Uncategorized

वो शादी ब्याह की रस्में – संस्मरण – सुनीता तिवारी”सरस”

 

आज जब किसी शादी में जाती हूँ और चारों ओर चकाचौंध, डीजे की तेज आवाजें और दिखावे की होड़ देखती हूँ, तो मन अनायास ही उन पुराने दिनों में लौट जाता है, जब शादियाँ केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और पूरे समाज का मिलन हुआ करती थीं।

अहा! क्या दिन थे वे भी। शादी तय होते ही घर में उत्सव का माहौल बन जाता था। आँगन में हल्दी, मेहंदी और मंगल गीतों की गूँज सुनाई देने लगती थी। घर की महिलाएँ एकत्रित होकर ढोलक की थाप पर गीत गातीं। कोई बन्ना गाती तो कोई बन्नी, कोई हँसी-ठिठोली करती तो कोई पुरानी रस्मों की याद दिलाती।

हल्दी की रस्म में पीले रंग की रौनक देखते ही बनती थी। दुल्हन की सहेलियाँ और रिश्तेदार उसे हल्दी लगाते हुए छेड़तीं। मेहंदी की रात तो जैसे सपनों की रात होती थी। हाथों में रची मेहंदी के साथ आँखों में नए जीवन के अनगिनत सपने सजते थे।

मंडप सजता, मंगल कलश रखे जाते, पंडित जी मंत्रोच्चार करते और घर की बुजुर्ग महिलाएँ हर रस्म को बड़े मनोयोग से निभातीं। कहीं तेल चढ़ाने की रस्म, कहीं मटकोर, कहीं मायरा तो कहीं भात भरने की परंपरा। हर रस्म के पीछे कोई न कोई भाव, मान्यता और पारिवारिक अपनापन छिपा होता था।

बारात आने पर दरवाजे पर स्वागत होता। द्वारचार, वरमाला और फिर सात फेरों के साथ दो अनजान जीवन एक-दूसरे के साथी बन जाते। विदाई के समय तो पत्थर दिल इंसान की आँखें भी नम हो जाती थीं। बेटी की विदाई केवल घर से विदा होना नहीं, बल्कि बचपन की गलियों से एक नए संसार की ओर प्रस्थान था।

सबसे सुंदर बात थी कि शादी में पड़ोसी भी परिवार बन जाते थे। कोई सब्जी काटता, कोई पूड़ियाँ बेलता, कोई मेहमानों की आवभगत करता। घर का काम सब मिलकर करते थे। न किसी को बुलाने के लिए विशेष निमंत्रण चाहिए था, न किसी के आने का समय निर्धारित होता था।
आज शादियां भव्य हो गईं हैं पर आत्मीयता खत्म होती जा रही है रस्में आज भी होतीं हैं पर सिर्फ तस्वीर के लिए,भाव होते ही नहीं।
काश फिर से लौट आये वो सुसंस्कृति और परंपराएं और हमारी अनमोल विरासत।

सुनीता तिवारी”सरस”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!