यह भी ख़ूब रही,- अलका गर्ग “अक्श “
हमारे गोवा प्रवास के दौरान बहुत से मित्र और रिश्तेदार गोवा घूमने के लिए आते रहते थे। गोवा का आकर्षण ही कुछ ऐसा है कि सभी वहाँ जाने को लालायित रहते हैं। वहाँ का लहराता सागर मानो बाहें फैला कर सबको आमंत्रण देता है।
लगभग पूरे ही वर्ष सैलानियों का ताँता लगा रहता है।
गोवा ने अभी तक भी अपनी अनछुई पहचान बना रखी है।
हरे भरे पेड़ों से भरी संकरी सड़कें, अनुशासित यातायात और रास्तों की सफ़ाई जगह जगह लगे हुए
“क्लीन गोवा ग्रीन गोवा”
के बोर्ड को सार्थकता प्रदान करती है।
हमारे एक मित्र का परिवार गोवा घूमने आया हुआ था। मस्ती मजाक और घूमने फिरने में दिन रात का पता ही नहीं चलता था।
एक दिन हम सभी गाड़ी से गोवा की राजधानी पणजी में मांडवी नदी के अति सुंदर मैरिन ड्राइव की सैर कर रहे थे। दोस्त का परिवार कहीं भी कचरा फैंक देता था। मेरे कई बार रोकने के बाद भी वे ध्यान नहीं रखते थे। कूड़ा दान ढूँढने का कौन कष्ट करे।
पंजिम में लाल बत्ती पर गाड़ी रुकी हुई थी। आदतन दोस्त की पत्नी ने खिड़की का शीशा खोल कर खाली जूस डिब्बा,चिप्स, बिस्किट के पैकेट फैंक दिए। मैं अरे…अरे बोलती रह गई। बहुत क्षोम हुआ।
बत्ती हरी हुई और हम चल दिए। थोड़ी देर मैं उसकी इस हरकत को भूल कर मैं भी हँसी मज़ाक़ में मशगूल हो गई।
अगली लाल बत्ती पर दो बाइक सवारों ने आगे का शीशा खटखटाया। दोस्त ने शीशा खोला और कारण पूछा तो वे बोले पिछले सिग्नल पर आपका सामान गाड़ी से गिर गया था। अच्छा हुआ हमने देख लिया वही देने आए हैं।
दोस्त ने वहाँ बच्चों के लिए गुब्बारे आइसक्रीम ख़रीदी थी। वह घबड़ा गया कि शायद उसका पर्स या कोई कार्ड गिर गया होगा। उसने बड़ी तत्परता से पूरी खिड़की खोली तो उन दोनों ने सड़क से उठाया हुआ उनका ही कचरा उनकी गोद में डाल दिया और बोले आप अपना सामान अपने साथ ले जाइये। यहाँ वहाँ गिराइये नहीं।आपके काम आयेगा। “कीप गोवा क्लीन “
कहते हुए दोनों फर्राटे से चले गए।
अचानक इस अप्रत्याशित घटना से हम सभी हतप्रभ रह गए। अब सब एक दूसरे से आँखें चुरा रहे थे।
उन्हें अच्छा सबक मिला और मेरे मन में आया…
यह भी खूब रही…
अलका गर्ग “अक्श “
#गुरुग्राम




