राधा-कृष्ण झांकियों और भक्ति गीतों से महका गोविंद देवजी मंदिर

जयपुर। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की श्रृंखला सोमवार को भक्ति रस में सराबोर रही। महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में श्री गोपीनाथ महिला मंडल की महिलाओं ने साख्य भक्ति भाव से ठाकुरजी को रिझाया। सभी महिलाएँ एक ही रंग की साड़ी में सजी थीं, जिनका मंदिर प्रशासन ने प्रसाद और दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया।
शाम को कल्पना संगीत विद्यालय के आलोक भट्ट व साथी कलाकारों ने कृष्ण भक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियाँ दीं। इससे पहले विख्यात भजन गायक संजय रायजादा, मंजू शर्मा, नेहा काला और रुचिका माथुर ने गोविंद तुम्हारे चरणों में.नटवर नागर नंदा भजो रे मन गोविंदा,मीठे रस से भरयोड़ी राधा रानी लागे.समेत अनेक भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मंदिर परिसर राधे-राधे जय गोविंदा जय गोपाल’ के गगनभेदी जयघोषों से गूंजता रहा। सुदामा-कृष्ण मिलन की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र बनी, वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बालकृष्ण का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। भजन संध्या में दी संगत की बोर्ड पर हवीब खां, सैक्सोफोन पर अब्दुल रशीद, तबला पर गुलाम गौस, ढोलक पर डिम्पल और ऑक्टापैड पर सुखदेव ने प्रभावी संगत दी। आज होगा विशेष भजन-कीर्तन – मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि मंगलवार को एसएमएस ब्लड बैंक की ओर से भजन-कीर्तन होगा। शाम को दीपक माथुर, सीमा मिश्रा, रेखा सैनी और श्रुति मिश्रा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर नटखट बाल गोपाल और राधा रानी के दर्शन भी होंगे।




