Uncategorized

गोबर्धन विद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस एवं इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

संजय कुमार गिरी। नज़र इंडिया 24

दिल्ली। गोबर्धन विद्यालय, बलवीर नगर, शाहदरा, दिल्ली में आज भारत की दो महान विभूतियों लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं भारत रत्न, आयरन लेडी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक विष्णु दत्त शर्मा, प्रधानाचार्या संगीता रानी एवं सभी कक्षा अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं। विष्णु दत्त शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारत की एकता के शिल्पकार थे, जिन्होंने 560 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का स्वप्न साकार किया। उनकी दूरदृष्टि, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्रनिष्ठा हम सभी को यह सिखाती है कि एकता ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने लौह पुरुष की 150वीं जयंती पर कोटि-कोटि नमन करते हुए सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में विष्णु दत्त शर्मा ने भारत रत्न इंदिरा गांधी के योगदानों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने 1966 से 1977 तक लगातार तीन कार्यकालों में और पुनः 1980 से 1984 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया। वे भारत की प्रथम और अब तक की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री थीं। उनकी जन्मतिथि 19 नवम्बर 1917, प्रयागराज और उनकी शहादत 31 अक्तूबर 1984, नई दिल्ली में हुई, जब उनके ही अंगरक्षकों द्वारा गोली चलाने से उनकी मृत्यु हो गई। शर्मा ने कहा कि देश के महान नायकों को श्रद्धा सुमन अर्पित करना हमारा नैतिक कर्तव्य है, और इस परंपरा का निर्वाह प्रत्येक भारतीय को निष्ठा से करना चाहिए। कार्यक्रम में छात्रों ने भी सरदार पटेल और इंदिरा गांधी के जीवन पर अपने विचार और कविताएं प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। अंत में जय हिन्द और भारत माता की जय के जयघोष से सभा सम्पन्न हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!