गणतंत्र दिवस पर बच्चों की शानदार प्रस्तुति, विधायक मनमोहन भड़ाना ने कराया पांच स्कूलों का सामूहिक लंच

लोकेश झा | समालखा, पानीपत
समालखा में गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर भाबरा स्टेडियम स्थित रिटायर्ड सैनिक भवन द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, झांकियां और आकर्षक प्रदर्शनी प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति झांकियों की स्थानीय विधायक मनमोहन भड़ाना ने भूरी-भूरी प्रशंसा की। बच्चों की मेहनत और प्रतिभा से प्रभावित होकर विधायक मनमोहन भड़ाना ने पांच स्कूलों के बच्चों के लिए स्थानीय एक ढाबा पर सामूहिक लंच का आयोजन कराया।
इस विशेष लंच कार्यक्रम में जीवन ज्योति स्कूल, नारायणा के बच्चे भी शामिल रहे। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। यह पहल बच्चों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने वाली रही।
इस अवसर पर जीवन ज्योति स्कूल, नारायणा के प्रधानाचार्य सतवीर ने बाइट देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है और उनकी प्रतिभा को मंच मिलता है। उन्होंने विधायक मनमोहन भड़ाना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के कदम अत्यंत सराहनीय हैं।
प्रधानाचार्य सतवीर ने आगे कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजन समिति और रिटायर्ड सैनिक भवन का धन्यवाद किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की उम्मीद जताई।




