स्व. ठा.सा विक्रम सिंह पंवार जी की पुण्यतिथि पर तृतीय विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर 22 फरवरी को
निवारू रोड स्थित 21 साउथ सामुदायिक केंद्र में प्रातः 9 बजे से होगा आयोजन, क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील

जयपुर। स्वर्गीय ठा.सा विक्रम सिंह जी पंवार (ठिकाना खण्डवासुरा) की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर 22 फरवरी 2026 (रविवार) को तृतीय विशाल रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 9:00 बजे से 21 साउथ सामुदायिक केंद्र, निवारू रोड, झोटवाड़ा, जयपुर में आयोजित होगा। आयोजन समिति के अनुसार शिविर में रक्तदान के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी, जिससे क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं जांच का लाभ मिल सकेगा। यह आयोजन स्व. विक्रम सिंह पंवार की पुण्य स्मृति को समर्पित है और मानव सेवा की भावना से प्रेरित है। सांस्कृतिक समिति चेयरमैन एवं वार्ड-28 की पार्षद दुर्गेश नंदनी ने कहा कि रक्तदान महादान है। आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर को सफल बनाने की अपील की।दिग्विजय सिंह परसराम पुरा ने आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों व नागरिकों से आग्रह किया कि वे न केवल रक्तदान करें बल्कि निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का भी लाभ उठाएं और इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।




