Uncategorized

रजत महल में साक्षात विराजे खाटू नरेश

जयपुर। फाल्गुन के महीने में रही फागोत्सव की धूम चैत्र माह में भी जारी है। चैत्र कृष्ण द्वितीया गुरुवार को सोडाला के बाल निवास गार्डन में विशाल फागोत्सव और श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया। रजत महल में साक्षात श्याम बाबा विराजमान रहे। खाटू श्याम मंदिर की तर्ज पर यहां भी श्याम बाबा के शीश के दर्शन हुए। श्रद्धालुओं को लगा मानो वे खाटू श्याम मंदिर में ही बाबा के दर्शन कर रहे हो। श्याम भजन संध्या के मुख्य अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने अखंड ज्योति प्रज्जवलित कर श्री श्याम भजन संध्या का शुभारंभ किया। गोपाल शर्मा ने कहा कि फाल्गुण की मस्त्ी एक महीने की मोहताज नहीं है। यह बारह महीने छाई रहनी चाहिए। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण, शॉल, साफा, प्रतीक चिह्न भेंट कर गोपाल शर्मा का जन्म दिन पर अभिनंदन किया।

गालव आश्रम के अवधेशाचार्य महाराज, युवाचार्य राघवेन्द्र, श्री सरस निकुंज के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया, श्री श्याम मंदिर रामगंज के महंत पं. लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में आयोजित भजन संध्या में संतोष व्यास, कुमार गिर्राज, अमित नामा, सत्यनारायण दाधीच, आशीष दाधीच एवं रूकलेश कुमार सहित अनेक भजन गायकों ने खाटू श्याम बाबा के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। संपूर्ण परिसर श्याम नाम के जयकारों से गुंजायमान रहा।

फागोत्सव के अंतर्गत पुष्प वर्षा और गुलाल के साथ भक्तों ने सामूहिक रूप से आनंद मनाया। कार्यक्रम का समापन आरती एवं भोजन प्रसादी के साथ हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। आयोजन में धर्म, राजनीति, व्यापार, खेल सहित सभी क्षेत्रों के लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!