भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर झोटवाड़ा में भव्य आतिशबाज़ी, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

जयपुर, 4 मई। भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी एवं असम में ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में झोटवाड़ा क्षेत्र में सोमवार शाम भव्य आतिशबाज़ी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पार्षद बाबूलाल शर्मा के नेतृत्व में निवारू रोड स्थित सब्जी मंडी परिसर में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर खुशी व्यक्त की। शाम 7 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी से आसमान जगमगा उठा और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
लोगों ने नारे लगाकर भी अपनी खुशी जाहिर की। पूर्व पार्षद कौशल शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किये। वार्ड 19 के पार्षद बाबूलाल शर्मा ने कहा कि यह विजय जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जताया है। यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसमर्थन को इस उपलब्धि का प्रमुख कारण बताया।कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष विनोद सैनी, महामंत्री राकेश, व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय शर्मा, सचिव सीताराम सैनी, पूर्व पार्षद कौशल शर्मा, किशन गर्ग, महिपाल यादव, योगेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।




