अखिल भारतीय काव्य मंच के कवि सम्मेलन में कवयित्री प्रेरणा सिंह के संचालन ने बांधा समां
दिल्ली के द्वारका में आयोजित कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में 40 से अधिक कवियों ने किया काव्य पाठ

विकास मिश्र। नजऱ इंडिया 24
नई दिल्ली।अखिल भारतीय काव्य मंच, मुंबई संस्था द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन क्रिएटिव अनलॉक, द्वारका सेक्टर-7, दिल्ली के प्रांगण में किया गया। इस साहित्यिक आयोजन में गाजियाबाद की लोकप्रिय कवयित्री एवं कुशल संचालिका प्रेरणा सिंह ने अपने प्रभावशाली संचालन से श्रोताओं, दर्शकों और कवियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रेरणा सिंह ने अपनी चिर-परिचित शैली और सशक्त शब्द-चयन के साथ मंच से कवियों को आमंत्रित किया। उनके संचालन के दौरान प्रस्तुत पंक्तियों ने सभागार में मौजूद सभी साहित्य प्रेमियों को भाव-विभोर कर दिया। हिंदी भाषा और शब्दों पर उनकी मजबूत पकड़ ने कार्यक्रम को ऊँचाइयों तक पहुंचाया। इस अवसर पर प्रेरणा सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संस्था के संस्थापक प्रोफेसर अंजनी द्विवेदी अनमोल एवं सचिव विकास मिश्र सागर के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ओंकार त्रिपाठी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सोशल एक्टिविस्ट एवं मॉडल मीनू कुमार उपस्थित रहीं।
विशिष्ट अतिथियों में दिल्ली पुलिस अधिकारी ज्योति स्वरूप गौड़, सीमा रंगा, डॉ. वर्षा सिंह, प्रो. अंजनी द्विवेदी अनमोल, प्रो. सुशील द्विवेदी, डॉ. वर्षा महेश, डॉ. गोविंद गुप्ता, विवेक कवीश्वर, वाटिका नौरियाल सहित अनेक गणमान्य साहित्यकार शामिल रहे। वहीं कवियों में सचिन परवाना, नवीन बग्गा, अनन्या पहाड़ी, हेमंत अग्रवाल, ऋचा मिश्रा रोली, देवेश मिश्र ‘निर्मल’ सहित दिल्ली-एनसीआर और बाहर से आए लगभग 40 से अधिक कवि एवं कवयित्रियों ने काव्य पाठ किया। संस्था के संस्थापक प्रो. अंजनी द्विवेदी ने कहा कि प्रेरणा सिंह का संचालन उच्च कोटि का और अत्यंत प्रभावशाली रहा। कार्यक्रम के संयोजन में सचिव विकास मिश्र सागर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामयी समापन हुआ।




