संविधान के मूल्यों के प्रति निष्ठा का संकल्प: लक्ष्य दीप पब्लिक स्कूल में 77वाँ गणतंत्र दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया

जितेंद्र शर्मा | नजर इंडिया 24
जयपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संविधान, शिक्षा और न्याय के मूल्यों पर गहन विमर्श देखने को मिला। इस अवसर पर संस्था सचिव -शिक्षाविद् एवं अधिवक्ता दीपक शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए संविधान की आत्मा, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर सारगर्भित विचार रखे।
अपने संबोधन में दीपक शर्मा ने 26 जनवरी 1950 के उस ऐतिहासिक क्षण को स्मरण किया, जब भारत का संविधान लागू हुआ और देश एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और उनके प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है।शिक्षा को राष्ट्र की आत्मा बताते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही न्याय, समानता और स्वतंत्रता जैसे संवैधानिक मूल्यों को सही अर्थों में समझ और लागू कर सकता है। एक अधिवक्ता के रूप में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संविधान केवल कानून की पुस्तक नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का जीवंत दस्तावेज़ है।
दीपक शर्मा ने जोर देकर कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी उतना ही आवश्यक है। जब प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों के साथ अपने दायित्वों के प्रति भी सजग होगा, तभी राष्ट्र सशक्त और समृद्ध बनेगा।युवा शक्ति को भारत की सबसे बड़ी पूँजी बताते हुए उन्होंने “विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की निर्णायक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, परिश्रम, वैज्ञानिक सोच और संवैधानिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ना ही सच्ची देशभक्ति है। मज़दूरों और किसानों के बच्चों की भागीदारी को वास्तविक राष्ट्रवाद का प्रतीक बताते हुए उन्होंने समावेशी विकास पर बल दिया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने संविधान के सम्मान, शिक्षा और न्याय को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा भारत को एक न्यायपूर्ण, समावेशी और सशक्त राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं और देश की रक्षा में सदैव तत्पर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।कार्यक्रम का समापन सत्र प्रभारी विनोद शर्मा एवं जितेंद्र द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।




