Uncategorized

योगिता कपूर को मिलेगा प्रतिष्ठित ‘प्रोफेशनल वुमन अचीवर अवार्ड, चंडीगढ़ में 13 जून को होंगी सम्मानित

 

श्रीगंगानगर, 2 जून 2026: महिलाओं के सशक्तिकरण तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली अग्रणी नारी शक्ति को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के ‘विमेन चेंजमेकर्स समिट 2026’ के लिए श्रीगंगानगर की जानी-मानी फिटनेस इन्फ्लुएंसर, लाइफस्टाइल डिजीज कंसलटेंट तथा हेल्थ क्लब व फिजियो क्लीनिक की संचालिका योगिता कपूर को इस वर्ष के प्रतिष्ठित ‘प्रोफेशनल वुमन अचीवर अवार्ड’ के लिए चुना गया है। समाजसेवी फिजियो मनीष कपूर ने बताया कि ‘शी इंस्पायर मैगजीन’ के तत्वावधान में 13 जून, शनिवार को होलीडे इन, जीरकपुर (चंडीगढ़) में प्रात: 10.30 बजे से सांय 4.00 बजे तक आयोजित होने वाले ‘द विमेन चेंजमेकर्स समिट एंड अवार्ड्स 2026-नॉर्थ एडिशन’ में योगिता कपूर का चयन ‘नॉर्थ जोन’ (उत्तर क्षेत्र) से एक एस्टीम्ड अवॉर्डी (प्रतिष्ठित पुरस्कार विजेता) के रूप में किया गया है। उन्होंने बताया कि आधिकारिक चयन पत्र के अनुसार, देश भर से चुनी गईं करीब 100 महिलाओं के साथ योगिता कपूर को उनकी प्रेरक यात्रा, समर्पण तथा उत्कृष्ट योगदान के लिए इस नेशनल अवार्ड से नवाजा जाएगा।

इस वर्ष के सम्मेलन की मुख्य थीम ‘लीडिंग द फ्यूचर : विमेन एट द फोरफ्रंट ऑफ चेंज’ रखी गई है, जो भविष्य की दिशा तय करने में महिलाओं की अग्रणी भूमिका को रेखांकित करती है। इस भव्य समारोह के दौरान योगिता कपूर इस मुख्य विषय पर आयोजित होने वाली एक विशेष परिचर्चा में भी हिस्सा लेंगी, जिसमें देश भर की प्रख्यात महिला लीडर्स तथा उद्यमी शामिल होंगी। स्वास्थ्य तथा वेलनेस के क्षेत्र में 12 से अधिक वर्षों के अपने बेमिसाल सफर में उन्होंने श्रीगंगानगर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों को एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है। महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर उनका योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा है। वे महिलाओं के वजन और फैट मैनेजमेंट की विशेषज्ञ हैं तथा उन्होंने सैकड़ों महिलाओं को उनके फिटनेस लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद की है। इसके साथ ही वे लंबे समय से ‘हेल्थ क्लब’ के माध्यम से महिलाओं को फिटनेस के प्रति निरंतर जागरूक कर रही हैं।
समाजसेवी फिजियो मनीष कपूर ने बताया कि कुशल लाइफस्टाइल डिजीज कंसलटेंट के रूप में योगिता कपूर ने आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न होने वाली गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों तथा हार्मोनल विकारों से पीड़ित मरीजों को नई राह दिखाई है। वे मुख्य रूप से थायराइड विकार, पीसीओडी/पीसीओएस (महिलाओं में बढ़ती हार्मोनल समस्या), मधुमेह तथा उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं के सटीक व वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए जानी जाती हैं। अपने हेल्थ क्लब तथा फिजियो क्लीनिक के साथ-साथ वे ‘डायबिटिक न्यूरोपैथी पेन एंड फिजियोथेरेपी क्लीनिक’ का भी संचालन करती हैं, जो विशेष रूप से मधुमेह के कारण होने वाले नसों के दर्द (न्यूरोपैथी) से पीड़ित मरीजों को राहत पहुंचाने, उनकी गतिशीलता तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए समर्पित है। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ वे एक समर्पित सोशल वर्कर के रूप में यूनिसेफ तथा ‘ऑर्गन इंडिया’ जैसी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ जुडक़र अंगदान जागरूकता व अन्य सामाजिक कल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। योगिता कपूर ने अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय अपनी सास, पति एवं परिजनों के अटूट सहयोग को दिया है। उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर उनके परिचितों तथा शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि योगिता कपूर का यह राष्ट्रीय सम्मान उन सभी महिलाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है जो आत्मनिर्भर बनकर समाज के स्वास्थ्य सुधार तथा सामाजिक कल्याण में अपना योगदान देना चाहती हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इसी प्रकार सफलता के नये आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!