Uncategorized

अपनापन खो गया – संस्मरण – सुनीता तिवारी”सरस”

 

कभी रिश्तों में एक अलग ही मिठास हुआ करती थी। बिना किसी स्वार्थ के लोग एक-दूसरे के घर आया-जाया करते थे। किसी के घर में कोई खुशी होती तो पूरा मोहल्ला खुशियों में शामिल हो जाता और किसी के घर दुःख का पहाड़ टूटता तो पड़ोसी भी अपने सारे काम छोड़कर साथ खड़े हो जाते थे।

याद आता है वह समय, जब दरवाजे पर दस्तक देने की जरूरत नहीं पड़ती थी। कोई भी अपना समझकर घर में चला आता था। चाय की प्याली के साथ घंटों बातें होतीं, हँसी-ठिठोली होती और कभी-कभी बिना किसी खास वजह के भी मिलने का सिलसिला चलता रहता था।

फिर धीरे-धीरे समय बदला। घर बड़े हो गए, लेकिन दिलों में जगह छोटी होती चली गई। रिश्तों की जगह औपचारिकताओं ने ले ली। अब किसी के घर जाने से पहले फोन करना पड़ता है, मिलने के लिए समय लेना पड़ता है। सबके हाथों में मोबाइल है, लेकिन एक-दूसरे का हाथ थामने का समय नहीं।

सोशल मीडिया पर हजारों मित्र हैं, जन्मदिन पर शुभकामनाओं की भरमार है, तस्वीरों पर प्यार जताने वाले अनगिनत लोग हैं, लेकिन जब मन उदास होता है तो हाल पूछने वाला कोई अपना बड़ी मुश्किल से मिलता है।

पहले लोग कम साधनों में भी बड़े खुश रहते थे। आज सुविधाएँ बढ़ गईं, पर संतोष और संवेदनाएँ कहीं पीछे छूट गईं। अब रिश्ते भी लाभ-हानि के तराजू पर तौले जाने लगे हैं। जहाँ स्वार्थ है वहाँ संवाद समाप्त।

कभी-कभी सोचती हूँ, आखिर हमने क्या पाया और क्या खो दिया? तरक्की की दौड़ में कहीं हम अपनेपन की वह अनमोल पूँजी तो नहीं गँवा बैठे, जिसे खरीदने के लिए दुनिया का कोई बाजार नहीं है?

मेरा मानना है कि रिश्तों को जीवित रखने के लिए बड़े उपहारों की नहीं, छोटे-छोटे एहसासों की जरूरत होती है। किसी का हाल पूछ लेना, बिना वजह मिलने चले जाना,
दुःख में कंधा बन जाना और खुशी में दिल से मुस्कराना ही तो अपनापन है।

सुनीता तिवारी”सरस”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!