जागृति प्रांगण में तीज का उल्लास, नृत्य-संगीत और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम

जयपुर । झोटवाड़ा जन जागृति मंच, अन्नपूर्णा नारी संगठन एवं जे वी एम गर्ल्स कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में जागृति प्रांगण में हरियाली तीज और लहरिया सीज़न 2 का आयोजन पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने रंग-बिरंगे लहरिया परिधान और सोलह श्रृंगार में सजकर उत्सव की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण के साथ हुई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक नृत्य, पारंपरिक खेलों और अल्पाहार का आनंद लिया। पारंपरिक लोक नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कन्हैया के रूप में मंजू अग्रवाल की रासलीला विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह ने तीज पर्व की सामाजिक और सांस्कृतिक महत्ता पर अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए। पूर्व उपाध्यक्ष, विप्र कल्याण बोर्ड, मंजू शर्मा ने कहा, तीज पर्व नारी शक्ति, प्रेम और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का अनुपम अवसर है, जो हमें हमारी जड़ों से जोड़ता है। पिंकी गुप्ता ने लहरिया क्वीन का खिताब जीता। कार्यक्रम में नमिता अग्रवाल, डॉ. सुरभि सिंह, प्रभा शर्मा, अनीता श्रीवास, पूर्वी साइवाल, अर्चना शर्मा, अनुराधा शर्मा, पूजा सेन, मंजू गुप्ता, लता शर्मा (राष्ट्रीय धर्म संसद), अरुणा दीदी (नारायण दादी सेवा संघ), अनीता गुप्ता, सुनीता भारद्वाज, मंजू लता मीना और रजिया सहित अनेक गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने नारी शक्ति, संस्कृति और पर्यावरण के सुंदर संगम को प्रस्तुत कर एक प्रेरणास्पद संदेश दिया।