प्लास्टिक से सेहत और पर्यावरण दोनों को खतरा : अर्चना गुप्ता”
प्लास्टिक को ‘ना’, कपड़े को ‘हां’ : डॉ. अर्चना गुप्ता।

लोकेश झा। नजर इंडिया 24- प्रदेश ब्यूरो चीफ
पानीपत हरियाणा। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा द्वारा विभिन्न सेवा कार्य एवं समाज में जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कृष्णपुरा मेन बाजार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग की रोकथाम के लिए कपड़े के थैले वितरित कर दुकानदारों और ग्राहकों को जागरूक किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आधुनिक दौर में प्लास्टिक का उपयोग अत्यधिक बढ़ गया है। इससे न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि हमारे स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक पेट्रोलियम पदार्थों से निकलने वाले कृत्रिम रेज़िन से बनाया जाता है। रेज़िन में अमोनिया एवं बेंजीन को मिलाकर प्लास्टिक के मोनोमर तैयार किए जाते हैं। इसमें क्लोरीन, फ्लुओरिन, कार्बन, हाइड्रोजन, नाइट्रोजन, ऑक्सीजन एवं सल्फर जैसे तत्व होते हैं। लंबे समय तक अपघटित न होने के अलावा भी प्लास्टिक अनेक अन्य दुष्प्रभाव छोड़ता है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। उन्होंने कहा कि थर्मोकोल से बनी थाली और प्लेट में गर्म भोजन करने से कई तरह की गंभीर बीमारियों की आशंका रहती है। इसके स्थान पर पत्तों से निर्मित प्लेट का उपयोग किया जाना चाहिए। भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि हमें “प्लास्टिक को ना और कपड़े को हां” कहना चाहिए। प्लास्टिक प्रदूषण हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक है, जबकि कपड़े के थैले टिकाऊ, पुनः प्रयोज्य और पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प हैं। बाज़ार जाते समय कपड़े के थैले साथ ले जाएँ और प्लास्टिक थैलियों के इस्तेमाल का विरोध करें। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री सुनील कंसल, मंडल अध्यक्ष सचिन सिंगला और बाज़ार के प्रधान सतीश सहगल विशेष रूप से उपस्थित रहे।




