गोल्डन पार्क में शरारती युवाओं पर कार्रवाई से खुश होकर समितियों ने चौकी इंचार्ज अनिल कुमार का किया सम्मान
चौकी इंचार्ज अनिल कुमार की तत्पर कार्रवाई से गोल्डन पार्क में लौटी शांति, स्थानीय लोगों और समितियों ने जताया आभार

समालखा से लोकेश झा की रिपोर्ट
गोल्डन पार्क समालखा में आज पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई अनिल कुमार को गोल्डन पार्क योग समिति और जन जागरूक सेवा समिति द्वारा सम्मानित किया गया।जन जागरूक सेवा समिति समालखा के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद कुलभूषण अरोड़ा ने जानकारी दी कि पिछले कुछ दिनों से गोल्डन पार्क में शाम के समय शराबियों और नशेड़ियों का जमावड़ा होने लगा था। इसी समय पार्क में कई महिलाएं, युवतियां, बच्चे और सीनियर सिटीजन स्वास्थ्य लाभ के लिए आते हैं।अरोड़ा ने बताया कि कुछ शरारती युवा मोटरसाइकिल से पटाखे छोड़कर स्थानीय निवासियों को परेशान करते थे, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनने लगा था। इस बारे में जब सूचना पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार को दी गई, तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई की।अनिल कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शरारती युवाओं, नशेड़ियों और शराबियों को पार्क से दूर हटाया, साथ ही कुछ लोगों को मौके पर समझाया भी। इस कार्रवाई के बाद गोल्डन पार्क का माहौल फिर से शांतिपूर्ण और सुरक्षित हो गया।चौकी इंचार्ज की इस पहल और तत्परता से प्रभावित होकर दोनों समितियों ने अनिल कुमार का सम्मान किया। उन्हें फूल मालाओं से स्वागत कर शाल ओढ़ाई गई तथा उनके नाम की गोल्डन प्लेट भेंट की गई।इस अवसर पर चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने कहा कि यह केवल गोल्डन पार्क की बात नहीं है, बल्कि पूरे समालखा क्षेत्र में अगर कोई शरारती युवक मोटरसाइकिल से पटाखे छोड़ता है, शराब पीकर हुड़दंग करता है या किसी भी रूप में स्थानीय लोगों को परेशान करता है, तो तुरंत पुलिस चौकी को सूचना दें। ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। हमारा लक्ष्य समालखा को इन कुसंगतियों से पूरी तरह मुक्त करना है।इस मौके पर समिति के संरक्षक विकास साहू, पूर्व प्रधान प्रेम भोला, भाजपा जिला सचिव नरेश बेनीवाल, रामनिवास गोयल, संजय कुच्छल, राकेश सैनी, मन्नू छाबड़ा, संजिव कुमार, सचिन गर्ग और राजेंद्र वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सभी ने चौकी इंचार्ज अनिल कुमार की सक्रिय भूमिका और सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना की।




