बाहर भी दिखें घर के स्वच्छता संस्कार, तभी साकार होगा स्वच्छ भारत का सपना
सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान का 177वां स्वच्छता अभियान सम्पन्न

प्रयागराज, 26 जुलाई। अरैल पुराने पक्के घाट पर सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा धीरज यादव के नेतृत्व में 177वें स्वच्छता जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य घाट परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ तीर्थयात्रियों, स्नानार्थियों, दर्शनार्थियों एवं नाविकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर धीरज यादव ने कहा कि “बाहर भी दिखाओ अपने घर के स्वच्छता संस्कार, तभी होगा स्वच्छ भारत का सपना साकार।” उन्होंने बताया कि सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान समय-समय पर भंडारा, कंबल वितरण, रक्तदान, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता तथा स्वच्छता अभियान जैसे अनेक सामाजिक और जनहितकारी कार्यों का निरंतर संचालन करता है।
अभियान के दौरान उपस्थित स्वयंसेवकों ने घाट परिसर की साफ-सफाई की तथा लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग दें, ताकि स्वच्छ भारत का संदेश देश के कोने-कोने तक पहुंच सके।
इस अवसर पर कुंवर जी तिवारी, मनीष पाण्डेय, सहदेव चौरसिया, ऋषि दीक्षित, सुनील कुशवाहा, एडवोकेट आत्म प्रकाश यादव, डॉ. एस.बी. यादव, नीरज पांडेय, इन्दु प्रकाश सिंह, दीपक दीक्षित, अनुराग मिश्रा, निर्मल कुशवाहा एवं तुलसी तिवारी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प भी लिया।




