औषधीय वनस्पतियों की पहचान, संरक्षण और संवर्धन जरूरी: वैद्य शम्भू शर्मा
आलोक अवस्थी। नजऱ इंडिया 24, ब्यूरो चीफ
जयपुर। वनोंषधी विशेषज्ञ वैद्य शम्भू शर्मा ने जयपुर दूरदर्शन के चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से औषधीय वनस्पतियों के महत्व, उनके गुणों और पारंपरिक उपयोगों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान वैद्य शम्भू शर्मा ने अपने अनुभव, शोधपरक अध्ययन और वनस्पतियों के विशेष ज्ञान के आधार पर विभिन्न औषधीय पौधों को प्रदर्शित कर उनकी पहचान एवं औषधीय विशेषताओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि प्रकृति में अनेक ऐसी औषधीय वनस्पतियां उपलब्ध हैं, जिनका पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में लंबे समय से उपयोग होता रहा है। उन्होंने कहा कि इन वनस्पतियों की सही पहचान, संरक्षण और वैज्ञानिक शोध के आधार पर संवर्धन करना आवश्यक है, ताकि इस अमूल्य प्राकृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। वैद्य शर्मा ने स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन के लिए संतुलित खानपान, सकारात्मक विचारों और संयमित दिनचर्या को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उन्होंने लोगों से औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और प्राकृतिक संपदा के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।




