पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ, कन्या पूजन और शस्त्र पूजन से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

– वार्ड नंबर 11 के पार्षद शैलेन्द्र शर्मा, भाजपा नेता जयंत कुमावत रहे मुख्य अतिथि
जयपुर। गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा के तत्वावधान में विकासनगर स्थित श्री राधा कृष्ण शिव मंदिर में कन्या पूजन महोत्सव मंगलवार को धूमधाम से आयोजित किया गया। लखेरा समाज के प्रदेशाध्यक्ष गोवर्धन लखेरा, मुख्य यजमान प्रकाश चंद लखेरा-सुनीता लखेरा एवं अन्य ने वेदमाता गायत्री और गुरु सत्ता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्री सालासर बालाजी धाम के पुजारी डॉ. विष्णुदत्त पुजारी और गायत्री परिवार, मुरलीपुरा के मनु महाराज के सान्निध्य में 421 कन्याओं और बटुकों का पूजन कर भोजन प्रसादी कराई गई। विष्णुदत्त पुजारी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि धर्म की रक्षा करेंगे तो धर्म हमारी रक्षा करेगा। इसलिए सभी सनातनी प्रतिदिन कॉलोनी के मंदिर में सुबह-शाम हनुमान चालीसा का पाठ करें।
गायत्री मंत्र से गंूजा मंदिर परिसर:
इससे पूर्व पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ हुआ। आचार्यपीठ से विशंभर दयाल ने गायत्री महामंत्र को प्रतिदिन जपने की प्रेरणा दी। उमाशंकर खंडेलवाल ने यज्ञ करवाया। ब्रजलाल जांगिड़ ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को सरस बना दिया। विजयादशमी के उपलक्ष्य में शस्त्र पूजन भी किया गया। वार्ड नंबर 11 के पार्षद शैलेन्द्र शर्मा, भाजपा नेता जयंत कुमावत अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्री राधा कृष्ण शिव मंदिर के पुजारी श्याम सुंदर चतुर्वेदी, विकासनगर विकास समिति के अध्यक्ष पन्नालाल तंवर ने अतिथियों का स्वागत किया। विकास नगर समिति के कोषाध्यक्ष सुल्तान सिंह ने आयोजन के लिए प्रकाश चंद लखेरा सहित सभी का आभार प्रकट किया।
इन्होंने किया समयदान:
आयोजन को सफल बनाने में पुष्पा पारीक, जलेश्वर सिंह, मुकेश माथुर, राजेश माहेश्वरी, तरुण कुमावत, सुनील अग्रवाल, ज्योति शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढक़र योगदान दिया।




