मुखर्जी चौक सब्जी मार्केट हटाने की कार्रवाई का विरोध, स्ट्रीट वेंडर्स ने उठाई आवाज

उदयपुर, 2 जुलाई। नगर निगम उदयपुर के आयुक्त एवं अधिकारियों द्वारा मुखर्जी चौक स्थित सब्जी मार्केट को अतिक्रमण बताते हुए वहां वर्षों से व्यवसाय कर रहे सब्जी विक्रेताओं और स्ट्रीट वेंडर्स को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान कई विक्रेताओं का सामान भी जब्त किया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई के विरोध में ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन, नेशनल हॉकर फेडरेशन, श्रम संगठनों, विभिन्न राजनीतिक दलों तथा उदयपुर अंजुमन के पदाधिकारियों ने विरोध दर्ज कराया।
नेशनल हॉकर फेडरेशन के राज्य सचिव याकूब मोहम्मद ने बताया कि ठेला व्यवसायी यूनियन के टीवीसी सदस्य धर्मेंद्र कुमावत, यूनियन अध्यक्ष मोहम्मद निजाम, सीटू के हीरालाल सालवी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण एवं सड़क विक्रय विनियमन) अधिनियम के तहत हेरिटेज मार्केट संबंधी प्रावधानों को लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि करीब 70 वर्ष पुराने इस बाजार में वर्षों से व्यवसाय कर रहे वेंडर्स को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया नहीं जा सकता।
शाम करीब चार बजे विभिन्न संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम आयुक्त से मिला और पूरे मामले से अवगत कराते हुए उचित निर्णय लेने की मांग की। आयुक्त ने मामले पर विचार करने के लिए कुछ समय मांगा। याकूब मोहम्मद ने कहा कि यह केवल रोजगार का नहीं बल्कि गरीब स्ट्रीट वेंडर्स, विशेषकर महिलाओं की आजीविका और सम्मान का प्रश्न है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की कार्रवाई से वर्षों से व्यवसाय कर रहे लोगों का उजाड़ीकरण किया जा रहा है। नेशनल हॉकर फेडरेशन, ठेला व्यवसायी यूनियन, उदयपुर अंजुमन तथा अन्य संगठनों ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया है।




