मोहित गौतम तलावड़ा बने पूर्वी राजस्थान प्रवासी परिषद के अध्यक्ष, युवाओं में उत्साह

जयपुर, 17 सितंबर। पूर्वी राजस्थान प्रवासी परिषद ने संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सामाजिक कार्यकर्ता मोहित गौतम तलावड़ा को परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया है। परिषद की ओर से उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी दी गई।मोहित गौतम तलावड़ा के अध्यक्ष बनने की सूचना के बाद पूर्वी राजस्थान के युवाओं तथा विभिन्न शहरों में निवास कर रहे प्रवासी समाज में खुशी का माहौल है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रवासी समाज के लोगों ने नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। परिषद का उद्देश्य पूर्वी राजस्थान से जुड़े प्रवासी समाज को एकजुट कर सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित के कार्यों को गति देना है। परिषद की ओर से प्रवासियों की समस्याओं और अधिकारों को प्रभावी मंच देने, युवाओं को समाजसेवा से जोड़ने तथा पूर्वी राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं को देशभर में पहचान दिलाने पर जोर दिया जाएगा। अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर मोहित गौतम तलावड़ा ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए पद से अधिक समाजसेवा और दायित्व का विषय है। उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान के प्रवासी भाई-बहनों और युवाओं को एक मंच पर जोड़ना, उनकी समस्याओं को उठाना तथा समाजहित में सकारात्मक कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने बताया कि परिषद को मजबूत सामाजिक मंच के रूप में विकसित करने के लिए सभी जिलों और प्रवासी समाज के लोगों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर भी सहयोगात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।




