पिता की स्मृति में पार्क में लगवाईं दो बेंच, समाज सेवा की पेश की मिसाल

वीरेंद्र व्यास की पहल से बुजुर्गों को मिलेगी बैठने की सुविधा, विकास समिति अध्यक्ष रणवीर सिंह तंवर ने जताया आभार
जयपुर। पाराशर ब्राह्मण समाज समिति, झोटवाड़ा क्षेत्र पश्चिम जयपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र व्यास (मंढा सुरेरा) ने अपने पूज्य पिताजी की पावन स्मृति में निवारू रोड स्थित श्रीरामपुरी पार्क में बुजुर्गों के बैठने के लिए दो आरामदायक बेंच लगवाकर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की है। उनकी इस पहल से पार्क में आने वाले बुजुर्गों सहित आमजन को बैठने की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर प्रेम धवन पाराशर, पूर्व सूबेदार एजाज खान, एडीशनल एसपी सब्बीर खान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाज सेवा और मानवीय संवेदना का प्रेरणादायक उदाहरण बताया। विकास समिति के अध्यक्ष रणवीर सिंह तंवर ने इस नेक कार्य के लिए वीरेंद्र व्यास का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता की स्मृति में जनहित के कार्य करना सच्ची श्रद्धांजलि है। ऐसे प्रयासों से जरूरतमंदों को सुविधा मिलने के साथ समाज में सेवा और परोपकार की भावना को भी बढ़ावा मिलता है। पाराशर ब्राह्मण समाज समिति की ओर से वीरेंद्र व्यास के इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया गया। समाज के लोगों ने कहा कि जनहित में किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। सेवा ही सच्चा धर्म है और परोपकार ही जीवन की सच्ची सार्थकता है।




