रंगों में रंग गई फतहसागर पाल, मानव श्रृंखला ने दिया अहिंसा और शांति का संदेश

नानालाल आचार्य
नजर इंडिया 24
*उदयपुर*। रविवार को फतेहसागर पाल पर अहिंसा पीस वॉक का आयोजन किया गया। महावीर जैन परिषद उदयपुर के तत्वावधान में महावीर जैन नवयुवक मंडल सुंदरवास द्वारा फतहसागर पाल पर अहिंसा पीस वॉक को नाकोडा पाश्र्वनाथ ज्योतिष संस्थान के कांतिलाल जैन, समाजसेवी कुलदीप मूलचंद बुरड़, राजकुमार फत्तावत, प्रवीण नाहर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जैन धर्म के ध्वज के पांच रंगों में 108-108 महिला पुरुषों की पांच कतार ने एक जैन ध्वज के रूप में फतेहसागर पाल पर अहिंसा और शांति का संदेश दिया। रविवार की सुबह फतेहसागर पाल पर नयनाभिराम नजारा प्रस्तुत हुआ। रेड, येलो, व्हाइट, ग्रीन और ब्लू ब्रिगेड के रूप में महिला पुरुष की पांचों कतार अहिंसा ब्रिगेड के रूप में नजर आई। बैंड की नवकार मंत्र और जैन भजनों की संगीतमय लहरियों ने फतेहसागर पाल पर सुबह को महावीरमय, भक्तिमय और अहिंसामय बना दिया। जैसे-जैसे पीस वॉक का काफिला आगे बढ़ता गया वैसे-वैसे भगवान महावीर स्वामी के जयकारे लगते रहे एवं पूरे वातावरण को महावीरमय बना दिया। फतहसागर पर प्रात:भ्रमण कर रहे उदयपुर के नागरिकों के लिए भी यह कौतूहल का विषय रहा और उन्होंने इस नज़ारे को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। फत्तावत ने बताया कि पूर्व रजिस्टर्ड महिला और पुरुषों को पांचों रंग के टी शर्ट और कैप दी गई। इस तरह की अहिंसा पीस वॉक अपने आप में अनूठी और अद्भुत रही। संभवत: पूरे भारत में जैन समाज द्वारा इस तरह की पीस वॉक पहली बार आयोजित हुई जिसमें जैन महिला पुरुषों द्वारा इतने विराट रूप में मानव श्रृंखला रूपी जैन ध्वज का निर्माण किया। इस अवसर पर प्रवीण नाहर, भूपेश खमेसरा,अशोक कोठारी, दीपक सिंघवी, अरूण मेहता, चन्द्र प्रकाश चोरडिया, महेन्द्र तलेसरा, श्याम नागोरी, सुधीर चित्तौड़ा, विजयलक्ष्मी गलूंडिया, भूपेन्द्र गजावत, नितिन लोढ़ा, जितेन्द्र सिसोदिया, राजेश भाणावत, वीरेन्द्र महात्मा, ललित कोठारी, मीना कावडिय़ा, नीतू गजावत, नीता छाजेड़, रचिता मोगरा, सोनल सिंघवी, प्रिया झगड़ावत सहित सैकड़ों श्रावक-श्राविकाएं मौजूद रहे। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर महावीर जैन परिषद उदयपुर के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद उदयपुर द्वारा फतेहसागर के देवाली छोर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें कुल 61 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया। शिविर में पैसिफिक हॉस्पिटल और सरल ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रहण का काम किया।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 23 मार्च सोमवार को दोपहर 3 बजे अहिंसा जैन व्यंजन प्रतियोगिता संयम से स्वाद तक का आयोजन आयड जैन मंदिर में किया जाएगा।




