सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान ने अरैल के नए पक्के घाट पर चलाया विशेष सफाई अभियान
गंगा तट पर चला स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं से गंदगी न फैलाने की अपील
प्रयागराज। सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान, अरैल नैनी प्रयागराज की ओर से रविवार, 12 जुलाई 2026 को अरैल के नए पक्के घाट पर “स्वच्छता अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी सहदेव चौरसिया के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान गंगा तट पर फैली गंदगी की साफ-सफाई की गई तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को गंगा को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे मां गंगा में फूल-माला, प्लास्टिक, पॉलिथीन, कांच की बोतलें, फोटो एवं अन्य कचरा न डालें। सभी से गंगा तट की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया। संस्थान के पदाधिकारी मनीष पांडेय ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर बियर की बोतलें, पॉलिथीन, शीशे युक्त फोटो और अन्य कचरा फेंकना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखें और स्वच्छता को अपना नैतिक दायित्व समझें।
इस अवसर पर कुंवर जी तिवारी, विकास मिश्रा, धीरज यादव, ऋषि दीक्षित, एडवोकेट आत्म प्रकाश यादव, एडवोकेट सुनील कुशवाहा, डॉ. एस.बी. यादव, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, विनोद गुरानी, सुनील मिश्रा, शशिकांत पांडेय, इंदु प्रकाश सिंह, कपूर चंद्र केसरवानी, संदीप केसरवानी, कार्तिकेय तिवारी, निर्मल कुशवाहा एवं तुलसी तिवारी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संदेश था—
“मैं पतित पावनी गंगा, रखो तुम मेरा मान; छोड़कर गुणगान मेरा, चलाओ तुम स्वच्छता अभियान।”



