बारिश में सीवर बना मुसीबत, निगम-प्रशासन को क्षेत्रवासियों की दो टूक चेतावनी
जयपुर। झोटवाड़ा निवारू रोड़ श्रीरामपुरी कॉलोनी में एक बार फिर सीवर जाम की समस्या ने क्षेत्रवासियों का जीना मुश्किल कर दिया है। लगातार शिकायतों के बावजूद केवल अस्थायी मरम्मत किए जाने से समस्या दोबारा खड़ी हो गई है। बारिश के बीच सड़कों पर सीवर का गंदा पानी बहने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।स्थानीय निवासी कैलाश गुप्ता ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद निगम कर्मी केवल औपचारिक कार्रवाई कर चले जाते हैं। दो दिन बाद ही सीवर फिर जाम हो जाता है और गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। इसी रास्ते से स्कूली बच्चों का आवागमन होता है तथा गंदगी के कारण मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। वहीं विष्णु टांक ने बताया कि सीवर का गंदा पानी गली से होकर उनके घर तक पहुंच गया है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों का घरों से निकलना भी दूभर हो गया है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो वे जनआंदोलन और विरोध-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। कैलाश खुटेटा ने कहा कि हर बार अस्थायी मरम्मत के बजाय सीवर लाइन का स्थायी सुधार कराया जाए, ताकि बार-बार होने वाली इस परेशानी से हमेशा के लिए राहत मिल सके।




