सोशल मीडिया पर छाईं ‘महराजगंज की भौजी’, भोजपुरी गीतों और रील्स से बना रहीं अलग पहचान

अरविंद शर्मा अजनवी। नजर इंडिया 24, ब्यूरो चीफ
महराजगंज। प्रतिभा किसी बड़े शहर या महानगर की मोहताज नहीं होती। यदि हुनर के साथ आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो छोटे से गांव से निकलकर भी अपनी पहचान देश-दुनिया तक बनाई जा सकती है। इसकी मिसाल उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद के मुजहना बुजुर्ग की रहने वाली विनीता शर्मा हैं, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर ‘महराजगंज की भौजी’ के नाम से खूब लोकप्रिय हो रही हैं। विनीता शर्मा के आधिकारिक फेसबुक पेज का नाम भी ‘महराजगंज की भौजी’ है। उनके द्वारा साझा की जाने वाली रील्स को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। उनका सहज अंदाज, देसी ठाठ और आकर्षक प्रस्तुति लोगों को खूब पसंद आ रही है। फेसबुक के साथ इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी उनकी सक्रियता लगातार बढ़ रही है। विनीता शर्मा की प्रतिभा केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है। वे भोजपुरी संगीत जगत में भी अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। एक प्रतिभाशाली भोजपुरी गायिका के रूप में उनके कई गीत और एल्बम रिलीज हो चुके हैं। अपनी सुरीली आवाज और संगीत के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर प्रशंसकों का एक अच्छा वर्ग तैयार किया है। शैक्षणिक रूप से परास्नातक विनीता शर्मा ने शिक्षा और कला के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित किया है। पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अपने हुनर को आगे बढ़ाना उनकी लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उनके पति का नाम सुनील शर्मा है। महराजगंज की मिट्टी से जुड़ी विनीता शर्मा आज भोजपुरी संगीत और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच ‘महराजगंज की भौजी’ के नाम से लोकप्रिय उनकी यह पहचान क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात बनती जा रही है। उनकी सफलता इस बात का संदेश देती है कि प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर गांव की गलियों से निकलकर भी लोकप्रियता के नए शिखर छुए जा सकते हैं।



