झोटवाड़ा में धूमधाम से मनाई गई श्री अग्रसेन महाराज जयंती अग्रवाल भवन का हुआ लोकार्पण

विजय अग्रवाल। नजर इंडिया 24
जयपुर। अग्रवाल समाज सेवा समिति झोटवाड़ा द्वारा मंगलवार, 23 सितंबर 2025 को भगवान श्री अग्रसेन महाराज की जयंती महोत्सव बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समिति के नवनिर्मित अग्रवाल भवन का लोकार्पण भी संपन्न हुआ।प्रातः 9:30 बजे टेंपो स्टैंड, खातीपुरा रोड से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ, जो लता सर्किल होते हुए अग्रवाल भवन तक पहुँची। मार्ग में जगह-जगह समाजबंधुओं ने यात्रा का पुष्प वर्षा, कोल्ड ड्रिंक, जूस, ठंडाई, आइसक्रीम और जलपान से स्वागत किया।
अग्रवाल भवन का लोकार्पण मुख्य अतिथि राजेंद्र केड़िया तथा विशिष्ट अतिथि ओ.पी. अग्रवाल एवं आनंद गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इसके पश्चात मंच से अतिथियों ने समाज की एकता और प्रगति पर अपने विचार रखे।समिति अध्यक्ष नटवरलाल गर्ग और महामंत्री दिलीप अग्रवाल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। भूमि दानदाता परिवार के सदस्य बृजमोहन अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल एवं सुनील अग्रवाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सह-कोषाध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
इसके बाद दानदाताओं एवं सहयोगियों का माला, दुपट्टा, प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का समापन स्वादिष्ट भंडारे के साथ हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में अग्रबंधुओं की उपस्थिति रही।




