अखिल भारत हिंदू महासभा के वार्षिक अधिवेशन में डॉ. राकेश वशिष्ठ को ‘हिंदू पत्रकार रत्न सम्मान 2025’ से किया सम्मानित

नई दिल्ली। अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का वार्षिक अधिवेशन शास्त्री पार्क स्थित श्री सिद्ध श्याम गिरी मंदिर मठ के ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में राष्ट्रीय, राजनीतिक, धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व के कई प्रस्ताव पारित किए गए तथा राष्ट्र रक्षा, गौ-रक्षा और धर्म रक्षा का संकल्प लिया गया। बैठक में दिल्ली, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, केरल, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ भारी संख्या में साधु-संतों ने भागीदारी निभाई। इसी दौरान जोधपुर के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. राकेश वशिष्ठ को उनकी प्रभावशाली एवं निष्पक्ष लेखनी के माध्यम से अखिल भारत हिंदू महासभा की विचारधारा और हिंदू संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए “हिंदू पत्रकार रत्न सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न, सम्मान-पत्र और श्रीफल प्रदान कर गौरवान्वित किया गया।
डॉ. वशिष्ठ के लेख देश के अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समाचार पत्रों में नियमित रूप से प्रकाशित होते रहते हैं। वे धार्मिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, राजनीतिक, वैज्ञानिक, महिला सशक्तिकरण और बालिका विकास जैसे विषयों पर निरंतर लिखते रहे हैं। उनकी साहित्यिक यात्रा में कई पुस्तकों का लेखन शामिल है। विशेष बात यह है कि हाल ही में अपने 106वें रक्तदान के साथ डॉ. वशिष्ठ ने पूरे भारत में किसी भी पत्रकार अथवा मीडिया कर्मी द्वारा सर्वाधिक 106 बार व्यक्तिगत रक्तदान करने का रिकॉर्ड बनाया है। इसके साथ ही उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में देहदान और अंगदान का संकल्प भी लिया है। एक कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में वे समाज सेवा, रक्तदान, अंगदान और देहदान के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज को प्रेरित कर रहे हैं।



