फतेहाबाद में तुलसी दिवस पर श्रद्धा और संस्कृति का संगम

अरुण शर्मा। नजऱ इंडिया 24 जिला ब्यूरो चीफ
फतेहाबाद। हमारी संस्कृति और हमारा धर्म हमारी शान है इसी भाव के साथ फतेहाबाद में तुलसी दिवस श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजपूत मोहल्ला स्थित नर्मदेश्वर मंदिर में महिलाओं ने तुलसी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना की, आरती उतारी तथा भजन-कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि तुलसी मैया केवल एक पौधा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धर्म और स्वास्थ्य का प्रतीक हैं। तुलसी औषधीय गुणों की खान है, इसके सेवन से अनेक रोगों से लड़ने की शक्ति मिलती है और यह वातावरण को शुद्ध कर ऑक्सीजन भी प्रदान करती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार तुलसी के बिना भगवान का भोग अधूरा माना जाता है। भोग में तुलसी का प्रयोग करने से स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ सुख, शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है।
इस अवसर पर महिलाओं ने समाज को संदेश दिया कि बच्चों को अपनी संस्कृति और धर्म से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपनी जड़ों को पहचानें और संस्कारों से जुड़े रहें। कार्यक्रम में रेनू गुप्ता, मीना गुप्ता, शारदा गुप्ता, अनीता गुप्ता, रिंकी गोलस, पूनम गुप्ता, राखी गुप्ता, रेखा गुप्ता, रिंकी गुप्ता, सुनीता गुप्ता, आशा गुप्ता, अंजू गुप्ता, गीता गुप्ता, साधना गुप्ता सहित अनेक बहनें उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक चेतना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




