माली समाज के 23 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह धूमधाम से सम्पन्न

जयपुर। सांगानेर क्षेत्र के शाहपुरा स्थित ज्योति फुलेवा संस्थान परिसर में माली समाज का 29वां सामूहिक विवाह सम्मेलन बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर बड़े ही धूमधाम एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में समाज के 23 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।
माली समाज के अध्यक्ष रोशन सैनी ने बताया कि समाज द्वारा यह 29वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सामाजिक समरसता, फिजूलखर्ची पर रोक तथा नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ देना है।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ समाजसेवी गोविंद सैनी, दुर्गालाल सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित रहकर आयोजन को सफल बनाने में अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। विवाह समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया।

समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं अतिथि उपस्थित रहे। सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजन को समाज के लोगों ने अनुशासन, सादगी और सहयोग की मिसाल बताया।




