यूजीसी के काले कानून के विरोध में विप्र सेना का जोरदार प्रदर्शन, रक्त से लिखा ज्ञापन सौंपा

जयपुर। यूजीसी द्वारा प्रस्तावित नए कानून के विरोध में विप्र सेना के प्रतिनिधि मंडल ने आज जयपुर जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी को राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन विप्र सेना के जयपुर जिला अध्यक्ष अजीत कुमार शर्मा द्वारा अपने रक्त से लिखकर दिया गया, जिसने आंदोलन की गंभीरता, संकल्प और आक्रोश को स्पष्ट रूप से उजागर किया। विप्र सेना का कहना है कि यह कानून शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों के स्वाभिमान और छात्रों के अधिकारों पर सीधा प्रहार है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। रक्त से लिखा गया ज्ञापन इस बात का प्रतीक है कि समाज इस मुद्दे को लेकर कितनी गहरी पीड़ा और चिंता महसूस कर रहा है। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नवीन उपाध्याय, युवा प्रदेश महामंत्री अक्षय शर्मा, रविकांत, राहुल दाधीच, अनुराग शर्मा, नरेंद्र शर्मा, मनीष चौमूवाल, पवन शर्मा, संजय शर्मा, सुशील शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे। विप्र सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि यह लड़ाई केवल किसी संगठन की नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वाभिमान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार इस काले कानून को वापस नहीं लेती, तब तक देशभर में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपने का क्रम निरंतर जारी रहेगा।
विप्र सेना ने आशा व्यक्त की कि सरकार समाज की भावनाओं, शिक्षकों और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस कानून पर पुनर्विचार करेगी और शीघ्र ही इसे वापस लेगी।




