पैरा लीगल वॉलंटियर्स एवं सपोर्ट पर्सन्स के लिए दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन

जयपुर | 24 फरवरी 2026 जमीनी स्तर पर न्याय तक पहुँच को सुदृढ़ करने तथा बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में पैरा लीगल वॉलंटियर्स एवं सपोर्ट पर्सन्स की कार्यक्षमता को उन्नत बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर महानगर प्रथम, द्वितीय एवं जयपुर जिला के सहयोग से आसरा फाउंडेशन जयपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में प्राधिकरण द्वारा नामित पैरा लीगल वॉलंटियर्स एवं सपोर्ट पर्सन्स ने सक्रिय सहभागिता निभाई।दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बाल संरक्षण से संबंधित उन्नत विधिक प्रक्रियाओं, बाल कल्याण समिति (CWC) की कार्यप्रणाली, बाल-अनुकूल न्याय प्रणाली, बच्चों से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं के साथ-साथ साइबर सुरक्षा एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से उत्पन्न होने वाले जोखिमों जैसे समसामयिक विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को प्रभावी संचार, काउंसलिंग, केस डॉक्यूमेंटेशन एवं पीड़ित सहायता से संबंधित आवश्यक कौशलों से भी अवगत कराया गया, जिससे वे क्षेत्र स्तर पर बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में अधिक प्रभावी हस्तक्षेप कर सकें।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान श्री भवानी निकेतन विधि महाविद्यालय से डॉ. ध्रुवश्री एवं सोनू राठौड़, मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर शिवानी नरूका तथा अधिवक्ता विवेक शर्मा ने अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता प्रतिभागियों के साथ साझा की।कार्यक्रम के सफल आयोजन में आसरा फाउंडेशन जयपुर से राजेश एवं गीतिका का विशेष योगदान रहा।




