गोविदंपुरी में ‘ओपन हाउस’ आयोजन, युवाओं को मिला अधिकारों और नागरिकता का ज्ञान
पब्लिक स्पेस को सुरक्षित व जीवंत बनाने पर जोर, 75 से अधिक किशोर-किशोरियों ने लिया भाग

जयपुर। आई-इंडिया संस्था द्वारा संचालित ‘पब्लिक स्पेस लैब’ और डब्ल्यू.आर.आई. (WRI) इंडिया के सहयोग से मंगलवार को गोविदंपुरी, सोड़ला स्थित लाडली परिसर में एक विशेष ‘ओपन हाउस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित, स्वस्थ और जीवंत बनाने के साथ-साथ समुदाय के युवाओं को उनके संवैधानिक मूल्यों और अधिकारों के प्रति सचेत करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता मोहम्मद नूर आलम ने किशोर-किशोरियों को कानूनी साक्षरता, बाल अधिकार और सक्रिय नागरिकता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को सरकार के विभिन्न अंगों और संविधान में निहित उनके अधिकारों के बारे में सरल भाषा में समझाया। संस्था सचिव चारु ने कहा कि इस कार्यक्रम अंतर्गत युवाओं को जागरूक करना और सुरक्षित सार्वजनिक स्थलों के लिए जन-भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नियमित रूप से ऐसे जागरूकता सत्र में भाग लेकर शहर के सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने में अपनी भागीदारिता सुनिश्चित करनी चाहिए। प्रारंभ में तुलसी ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। परियोजना प्रबंधक सुश्री गरिमा शर्मा ने परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए ओपन हाउस की कार्य विधि को समझाया कार्यक्रम में श्री बी.एस. सिंघल ने ओपन हाउस को रोचक बनाने के लिए खेल-आधारित गतिविधियों और क्विज का आयोजन किया। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को डब्ल्यू.आर.आई. (WRI) इंडिया के प्रतिनिधि श्री अभिषेक ने पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 75 किशोर बालक बालिकाओं और समुदाय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समापन सत्र में श्री रूपेन्द्र शर्मा ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए। समन्वयक श्री हरवीर सिंह ने उपस्थित सभी किशोर-किशोरी और समुदाय के गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।




