महिला आरक्षण बिल 2023 लागू करने की मांग तेज, वीना इंदौरा के नेतृत्व में आंदोलन हुआ मुखर
उग्र प्रदर्शन कर पुतला दहन, “आज करो, अभी करो” के नारों से गूंजा कलेक्ट्रेट

श्रीगंगानगर। महिला आरक्षण बिल 2023 को शीघ्र लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में महिला शक्ति का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला। सैकड़ों महिलाओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपने अधिकारों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस वर्किंग कमेटी की प्रदेशाध्यक्ष वीना इंदौरा के नेतृत्व में महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। उनके साथ महिला शक्ति प्रदेश कांग्रेस की पूर्व उप प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र कौर टूरना सहित जिले की कई महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं।
इस दौरान “नारी शक्ति अधिनियम 2023 लागू करो, आज करो, अभी करो” और “नारी शक्ति को पहचानो” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आंदोलनकारी महिलाओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया और सरकार पर महिला आरक्षण को लेकर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
सभा को संबोधित करते हुए वीना इंदौरा ने तीखे शब्दों में कहा कि वर्ष 2023 में संसद से पारित महिला आरक्षण बिल को अब तक लागू नहीं करना महिलाओं के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल चुनावी वादों तक सीमित रखना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वीना इंदौरा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस अधिनियम को लागू नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक और उग्र किया जाएगा। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया । अन्य महिला नेताओं ने भी अपने संबोधन में सरकार पर महिलाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि नारी शक्ति अपने हक के लिए निर्णायक लड़ाई लड़े।




