भीलवाड़ा में रावणा राजपूत मातृशक्ति संगठन की बैठक, शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक जागरूकता पर बनी रणनीति

भीलवाड़ा। रावणा राजपूत मातृशक्ति संगठन की जिला स्तरीय बैठक संस्थापक अध्यक्ष निशा कंवर गौड़, जिलाध्यक्ष सुनीता कंवर राठौड़ एवं संरक्षक वनिता कंवर पंवार के नेतृत्व में तथा संध्या कंवर चुंडावत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समाजहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तैयार की गई। जिला प्रवक्ता सुनीता कंवर जादू ने बताया कि बैठक के दौरान संस्थापक अध्यक्ष निशा कंवर गौड़ ने राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, जयपुर द्वारा 10 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे अन्य पिछड़ा वर्ग परिवार सर्वेक्षण अभियान की जानकारी दी। उन्होंने समाजबंधुओं से अपील की कि सर्वेक्षण के दौरान घर-घर आने वाले प्रगणक को परिवार की सही जानकारी दें तथा प्रपत्र के कॉलम संख्या 6 में जाति/उपजाति के स्थान पर “रावणा राजपूत” अवश्य अंकित करवाएं, ताकि समाज की वास्तविक जनसंख्या का सही आंकड़ा सामने आ सके। इसके लिए संगठन द्वारा व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।जिलाध्यक्ष सुनीता कंवर राठौड़ ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि समाज के प्रतिभावान एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए भामाशाहों के सहयोग से सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को सरकारी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने का भी निर्णय लिया गया।बैठक में जिला उपाध्यक्ष मनोज कंवर चुंडावत, जिला प्रवक्ता सुनीता कंवर जादू, सीता कंवर गहलोत, प्रेम कंवर, विमला कंवर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। संगठन ने सामाजिक एकता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।




