औषधीय पौधों की प्रदर्शनी के साथ सुनील लोढ़ा ने मनाया 66वां जन्मदिन

आलोक अवस्थी। नजर इंडिया 24, ब्यूरो चीफ
जयपुर। औषधीय पादपों की पहचान, संरक्षण एवं संवर्धन के साथ उनकी उपयोगिता जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आरोग्य कुंज सेवा समिति जयपुर के सहयोग से पर्यावरण प्रेमी समाजसेवी सुनील लोढ़ा ने अपने 66वें जन्मदिन के अवसर पर केशव नगर, हवा सड़क स्थित अपने निज निवास पर औषधीय पौधों की प्रदर्शनी का आयोजन किया।
प्रदर्शनी में अश्वगंधा, सफेद मूसली, गुड़मार, ब्राह्मी, गिलोय, घृतकुमारी, मधुनाशिनी, वासा, गोखरू, हरसिंगार, सहजन, सिंदूर सहित करीब 70 से 80 प्रजातियों के औषधीय पौधों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आरोग्य कुंज सेवा समिति के सचिव दीपेश शर्मा ने विभिन्न औषधीय पौधों के पत्ते, तने और जड़ों के पारंपरिक उपयोग तथा उनसे संबंधित विभिन्न उपचार प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को औषधीय पौधों की पहचान, संरक्षण और उनके महत्व के प्रति जागरूक किया।इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने सुनील लोढ़ा के जन्मदिन को पर्यावरण एवं औषधीय पौधों के संरक्षण से जोड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में प्रकृति संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ दूसरों को भी प्रेरित करते हैं।




