उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज का अभिनंदन, हाथोज धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव सम्पन्न

जयपुर। कालवाड़ स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर, हाथोज धाम में आयोजित पंचदिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भव्य समापन हुआ। हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज के सान्निध्य में आयोजित महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन, गुरु मंत्र दीक्षा एवं विशाल भंडारे में प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। महंत पुरुषोत्तम दास महाराज ने बताया कि अंतिम दिवस भगवान सीताराम जी एवं श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज का पंचामृत अभिषेक, पूर्वाचार्यों का पूजन तथा विशेष श्रृंगार किया गया। दिनभर मंदिर परिसर में गुरु वंदन, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ।
विशाल भंडारे में लगभग 20 से 23 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। श्री बालाजी जन कल्याण ट्रस्ट एवं स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। समस्त आचार्य पूजन डॉ. जितेन्द्र जोशी द्वारा सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने हाथोज धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा राज्य सरकार के ‘गुरु वंदन कार्यक्रम’ के तहत स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज का अभिनंदन किया। विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक जुगल किशोर, जिला प्रमुख रामा चौपड़ा, भाजपा प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, मुकेश पारीक, राजकुमार देवायुष सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने भी गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पाँच दिवसीय महोत्सव में भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान एवं गुरु वंदन जैसे कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को गुरु भक्ति और सनातन संस्कृति से जोड़ते हुए हाथोज धाम की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक प्रतिष्ठित किया।




