स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी, शिवाली गुप्ता की मैग्जीन का पोस्टर विमोचित

सुनीता त्रिपाठी ‘अजय’ | नज़र इंडिया 24 संवाद
जयपुर, 26 सितंबर। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आमजन को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में सही और उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ईटरनल हॉस्पिटल, जवाहर सर्किल एवं सेंटवेव ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सेंटवेव ऑर्गेनाइजेशन की डायरेक्टर श्रीमती शिवाली गुप्ता एवं वाइस प्रेसिडेंट श्री कमल नयन खंडेलवाल की विशेष सहभागिता रही। इस अवसर पर श्रीमती शिवाली गुप्ता की मैग्जीन के पोस्टर का भव्य विमोचन भी किया गया। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
इंटरैक्टिव सत्र के दौरान ईटरनल हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। डॉ. राजीव भार्गव, चेयरमैन एवं एचओडी–ऑर्थोपेडिक्स ने घुटनों के दर्द एवं हड्डियों से संबंधित समस्याओं, उनके कारणों, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वहीं डॉ. लुवदीप डोगरा, वरिष्ठ सलाहकार–नेफ्रोलॉजी एवं किडनी ट्रांसप्लांट ने किडनी से संबंधित बीमारियों, आवश्यक सावधानियों तथा आम लोगों में प्रचलित भ्रांतियों के बारे में जानकारी साझा की। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब भी दिए तथा समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह लेने के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान ईटरनल हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से स्वास्थ्य के क्षेत्र में चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में श्री डी.पी. शर्मा, अध्यक्ष, राजस्थान सेवानिवृत्त कृषि अधिकारी सोसाइटी, राजस्थान, जयपुर तथा श्री विजय सक्सेना, अध्यक्ष, पेंशनर समाज, मानसरोवर, जयपुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके अलावा अविनाश शर्मा, सोनिया सचदेव, सुनीता त्रिपाठी ‘अजय’, रेनू एवं बसंती सोनी सहित अनेक गणमान्यजन तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग मौजूद रहे।




