फतेहाबाद महिला मंडल ने हर्षोल्लास से मनाई हरियाली तीज
पौधरोपण और स्वच्छता का दिया संदेश, सावन के गीतों पर झूमीं महिलाएं

अरुण शर्मा। नजर इंडिया 24, ब्यूरो चीफ
फतेहाबाद। फतेहाबाद महिला मंडल की ओर से हरियाली तीज का उत्सव पूनम अरुण दोनेरिया के निवास पर रेनू संजय अनवारिया की अध्यक्षता में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदना एवं संकल्प गीत के साथ हुआ।कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता रवि शल्या, केंद्रीय रक्तदान संयोजिका शिवानी, भजन मंडली की बहनों सहित महिला मंडल की सदस्याओं ने सहभागिता की। सभी बहनों का तिलक लगाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी सृष्टि सुरक्षित रह सकेगी। कार्यक्रम में मनोरंजन के लिए तंबोला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रथम स्थान ममता गुप्ता, द्वितीय कल्पना गुप्ता तथा तृतीय स्थान राखी गुप्ता और शिवानी गुप्ता ने प्राप्त किया। समय पर पहुंचने का पुरस्कार रिंकी गुप्ता को दिया गया। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद महिलाओं ने सावन की मल्हार और पारंपरिक सावन गीतों का आनंद लिया। सावन के गीतों पर महिलाओं ने नृत्य किया तथा झूला झूलकर उत्सव का आनंद लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता रवि शल्या ने महिलाओं से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरा पृथक रूप से देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में सभी बहनों ने मिलकर स्वल्पाहार किया। इस अवसर पर रेनू गुप्ता, मीना गुप्ता, अर्चना गुप्ता, राखी गुप्ता, पूनम गुप्ता, रेखा गुप्ता, रिंकी गुप्ता, सुनीता गुप्ता, कंचन गुप्ता, गीता गुप्ता, साधना गुप्ता, ममता गुप्ता, कल्पना गुप्ता, रजनी गुप्ता, उषा गुप्ता, सीता गुप्ता सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।




