श्री श्याम परिवार झोटवाड़ा के 27वें वार्षिकोत्सव का पोस्टर विमोचन, 15 नवंबर को सजेगी भव्य भजन संध्या

जयपुर। औद्योगिक क्षेत्र झोटवाड़ा स्थित श्री श्याम परिवार झोटवाड़ा की ओर से 27वां वार्षिकोत्सव आगामी 15 नवंबर 2025 को बड़े धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। भजन संध्या का आयोजन आनंद मार्केट, झोटवाड़ा में शाम 7 बजे से शुभारंभ किया जाएगा। मुख्य संयोजक आनंद गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत अखंड ज्योत प्रज्वलन से होगी तथा छप्पन भोग की विशेष झांकी सजाई जाएगी। भजन संध्या में देश के प्रसिद्ध भजन गायक कुमार नरेंद्र जी, नरेश सैनी (गुरुग्राम), गौरव पारीक (कोलकाता), नवीन शर्मा (जयपुर), रोहित शर्मा एवं पूजा पारीक (रांची) अपने मधुर स्वरों से बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। संयोजक राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि शनिवार को भव्य आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र तथा आस-पास की कॉलोनियों की विकास समितियों के पदाधिकारी सहित मंजू शर्मा (पूर्व उपाध्यक्ष, विप्र कल्याण बोर्ड), प्रतीक जैन, नरेश जाजू, मोहित गुप्ता, आयुष गुप्ता, कृष्णावतार अग्रवाल, श्रीकांत गोयल, नमिता अग्रवाल और टीना अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति ने सभी श्याम भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर बाबा श्याम के दरबार में भक्ति रस में डूबने का आह्वान किया है।




